Home हिंदी आईपीएल के पहले प्रैक्टिस मैच में धोनी-वॉटसन की जोड़ी ने मचाया धमाल

आईपीएल के पहले प्रैक्टिस मैच में धोनी-वॉटसन की जोड़ी ने मचाया धमाल

984

आईपीएल 2020 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाड़ियों ने आपस में मिलकर अभ्यास मैच खेला जिसका वीडियो सीएसके ट्विटर ने शेयर किया है. वीडियो में टीम के खिला़ड़ी कड़ी मेहनत करते हुए अभ्यास करते नजर आए. वीडियो में खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस को देखकर आपको लगेगा कि ये खिलाड़ी असली में कोई मैच खेल रहे हैं. बिल्कुल असली मैच की तरह महेंद्र सिंह धोनी अपनी विकेटकीपिंग से कमाल कर रहे हैं तो गेंदबाज भी पूरे जोश में गेंद डालते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में शेन वॉट्सन, केदार जाधव और धोनी बल्लेबाजी के दौरान बड़े-बड़े शॉट मारते हुए भी नजर आ रहे हैं.

बता दें कि 13वें सीजन में सभी की नजरें एम एस धोनी पर है जिन्होंने अगस्त में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया है. भले ही सीएसके की टीम में इस बार सुरेश रैना और हरभजन सिंह नजर नहीं आएंगे लेकिन अभी भी टीम की सबसे मजबूत कड़ी धोनी हैं. इसके अलावा टीम के पास पीयूष चावला जैसे लेग स्पिनर हैं जो मैच में अहम मौके पर विकेट लेकर मैच का पासा पलट सकते हैं. फाफ डुप्लेसिस, अंबाती रायुडू, शेन वॉटसन जैसे बड़े नाम टीम में हैं जिनके पास अनुभव हैं और सीएसके के लिए काफी महत्वपूर्व हैं. टीम चेन्नई इस टूर्नामेंट का पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ 19 सितंबर को खेलने वाली है.