Home Crime #Nagpur l पुलिस ने प्रतिद्वेषवश दर्ज किया अपहरण का मामला

#Nagpur l पुलिस ने प्रतिद्वेषवश दर्ज किया अपहरण का मामला

84

– सत्र न्यायालय ने पुलिस को लगाई फटकार

नागपुर ब्यूरो : सत्र न्यायालय ने पारडी पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा कि कलमना निवासी कादर पटेल और करीम पटेल के खिलाफ दर्ज अपहरण का प्रकरण प्रतिद्वेषपूर्ण और कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग प्रतीत होता है.

अदालत ने दोनों को अंतरिम राहत देते हुए टिप्पणी की कि पुलिस ने आरोपियों को परेशान करने के इरादे से मामला दर्ज किया है. अदालत में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, अनूप कुमार गिरी ने पुलिस आयुक्त, डीसीपी जोन और पारडी पुलिस स्टेशन को बताया था कि उनका अपहरण नहीं हुआ और वे स्वतंत्र रूप से रह रहे हैं. इसके बावजूद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया.

करीम और कादर पटेल के भाई रज्जाक पटेल पुलिस आयुक्त से मिलने पहुंचे थे, मगर उनकी लिखित शिकायत लेने से मना कर दिया गया. रज्जाक ने बताया कि पुलिस उनके भाइयों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है. उन्होंने इस पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग की है.

गिरी ने पेश किया शपथपत्र

उल्लेखनीय है कि इस मामले में उमिया इंडस्ट्रीज, कामठी के अन्नोप कुमार सीतारामजी गिरी ने नागपुर में पत्रकार परिषद लेकर आरोप लगाया है कि पारडी थाने की प्रभारी नंदा मनगटे ने व्यापारी कादर सत्तार पटेल और करीम सत्तार पटेल के खिलाफ अपहरण का झूठा मामला दर्ज किया है. गिरी का कहना है कि उनका अपहरण नहीं हुआ था, फिर भी किसी व्यक्ति से जबरन शिकायत लिखवाकर मामला दर्ज किया गया.

उन्होंने इस मामले में पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत भी दी है. गिरी ने अदालत में शपथपत्र देकर सच्चाई बतलाई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ अधिकारी अवैध धंधे वालों से पैसे लेकर निर्दोषों पर कार्रवाई करते हैं. उन्होंने इस मामले में पारडी की थानेदार नंदा मनगटे और डीसीपी कदम के निलंबन की मांग भी की है.