उड़ान के दौरान अगर प्लेन का पायलट बेहोश हो जाए या मर जाए, इसके बाद यात्रियों में से कोई एक उठकर प्लेन को सुरक्षित लैंड करा दे। ये सीन आपने हॉलीवुड से बॉलीवुड तक की फिल्मों में कई बार देखा होगा, लेकिन अमेरिका में यह घटनाक्रम सच में हो गया है।
फ्लोरिडा में बीच आसमान में उड़ रहे प्लेन के पायलट की तबीयत अचानक खराब हो जाने पर एक ऐसे यात्री ने उसे 70 मील तक उड़ाया, जिसे प्लेन उड़ाने की A B C भी मालूम नहीं थी। इतना ही नहीं इस यात्री ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) के इंस्ट्रक्शंस को फॉलो करते हुए प्लेन को सुरक्षित लैंड भी करा दिया। इस यात्री की पहचान गोपनीय रखी गई है।
घटना मंगलवार की है। एक 14 सीटर सेसना कारावैन प्लेन फ्लोरिडा के पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जब करीब 70 मील उत्तर दिशा में था तो अचानक पायलट की तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश हो गया। प्लेन के एक यात्री ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी।
यात्री और एटीसी के बीच का वायरलेस ऑडियो सामने आया है। इसमें यात्री रेडियो पर कह रहा है, मैं यहां एक गंभीर स्थिति में हूं। मेरा पायलट बदहवास हो गया है। इसके बाद एटीसी ने जब उससे प्लेन उड़ाने के बारे में पूछा तो उसने कभी प्लेन उड़ाना तो दूर कॉकपिट में भी एंट्री नहीं करने की जानकारी दी, लेकिन उसने कहा कि फ्लोरिडा का समुद्री तट मुझे सामने दिख रहा है।
इसके बावजूद एटीसी ने उसे प्लेन का स्टेयरिंग संभालने को कहा और एक एक्सपर्ट को उसका फ्लाइट इंस्ट्रक्टर बना दिया। फ्लाइट इंस्ट्रक्टर ने यात्री को विंग्स लेवल को बैलेंस रखने की जानकारी मौखिक रूप से दी और उसे समुद्र के किनारे को फॉलो करते हुए तब तक उड़ान भरते रहने के लिए कहा, जब तक एटीसी उसे तलाश नहीं कर लेता। उसे पाम बीच एयरपोर्ट से करीब 25 मील पहले स्पॉट किया गया। इसके बाद उसे लैंडिंग के तरीके की जानकारी दी गई।




















