Home Bollywood दो साल से 80% घाटे में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री, 21000 करोड़ का...

दो साल से 80% घाटे में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री, 21000 करोड़ का नुकसान

698

बीते दो साल से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की कमाई में लगातार 80 % की गिरावट दर्ज हुई है। इस साल भी पहले दो-तीन महीने का बिजनेस खत्म हो चुका है। ऐसे हालत में फरवरी में आने वाले आम बजट में फिल्म इंडस्ट्री के लिए विशेष पैकेज की मांग की जा रही है। टैक्स ब्रेक, इंसेटिव्ज, लोन मोरेटेरियम और टिकट पर GST कम करने जैसे कदमों से इस इंडस्ट्री को वापस खड़ा होने में मदद की गुहार सरकार से लगाई गई है। सरकार की तरफ से मांगे गए सुझावों में प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) की तरफ से इन मुद्दों पर अपनी मांग रखी है।

पिछले दो सालों में फिल्म इंडस्ट्री को करीब 21,000 करोड़ का नुकसान हो चुका है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान थिएटर्स को हुआ है। फिल्म रिलीज पर बॉक्स ऑफिस से होने वाली कमाई 80% घट गई। विदेशों से भी कमाई घटी। टीवी राइट्स से मिलने होने वाली कमाई भी 10% के आसपास रह गई है क्योंकि नई फिल्में रिलीज ही नहीं हो पा रही हैं। केवल OTT से होने वाली कमाई करीब 1600 करोड़ रुपए बढ़ी है लेकिन ये इंडस्ट्री के घाटे को पूरा करने के लिए नाकाफी है।

फिल्म इंडस्ट्री पर कोरोना का असर

  1. थिएटर से कमाई 80% कमः 2019 में पूरा साल हालात नॉर्मल थे। तब बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 115.2 अरब रुपए मिला, लेकिन 2020 में लॉकडाउन की वजह से यह कमाई सिर्फ 24.9 अरब रुपए हो पाई। मतलब 80% का घाटा हुआ। यही सिलसिला 2021 में भी रहा।
  2. ओवरसीज में भी घाटाः 2019 में विदेशों से 27 अरब रुपए का कलेक्शन मिला था। 2020 में यह सिर्फ 3.1 अरब रुपए रह गया।
  3. टीवी राइट्स की कमाई कमः 2019 में ब्रॉडकास्टिंग राइट्स से 22.1 अरब रुपए की कमाई हुई थी, जो 2020 में सिर्फ 7.1 अरब रुपए रह गई। नई फिल्में ही रिलीज कम हुईं इसलिए सैटेलाइट राइट्स भी कम ही बिके।
  4. सिर्फ OTT में फायदाः 2020 में सिर्फ एक ही बात पॉजिटिव रही कि OTT राइट्स से कमाई बढ़ी। 2019 में यह 19 अरब रुपए थी, जो 2020 में 35.4 अरब रुपए हो गई। हालांकि थिएटर, ओवरसीज और टीवी राइट्स में नुकसान के सामने यह बढ़ोतरी कुछ खास नहीं थी।