
नागपुर ब्यूरो : नागपुर शहर इस समय गणेशोत्सव की भव्यता और श्रद्धा में डूबा हुआ है. हर गली, हर चौक पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ भक्तिभाव, उत्साह और आनंद का माहौल बना हुआ है. ढोल-ताशों की गूंज, आरती के मधुर स्वर और भक्तों के जयघोष से संपूर्ण शहर मंगलमय वातावरण में सराबोर हो गया है.
इसी पावन अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल के सरकारी निवास पर भी गणराज की विधिवत स्थापना की गई. मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आरती की मधुर लहरियों ने पूरे घर-आंगन को गजाननमय बना दिया. परिवार सहित डॉ. सिंगल ने गहन श्रद्धा और भक्ति भाव से बप्पा की स्थापना की और नागपुरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की. आरती के दौरान सीपी के साथ ही डीसीपी अश्विनी पाटिल, डीसीपी सातव और एसीपी शर्मा की उपस्थिति रही.

गणेशोत्सव का यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है. गणराज के स्वागत से लेकर उनके विसर्जन तक हर दिन श्रद्धा, भक्ति और आनंद के रंगों से सजा रहेगा. बप्पा के आगमन ने सचमुच नागपुर शहर को मंगलमय और पावन बना दिया है.




















