बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और एक्ट्रेस कटरीना कैफ स्टारर फिल्म सूर्यवंशी 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसका सीधा असर फिल्म के ओपनिंग कलेक्शन में देखने मिला। शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन ही सिनेमाघरों की रौनक लौटाते हुए 26.29 करोड़ रुपए का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी ने पहले दिन ही 26.29 करोड़ रुपए की कमाई की है। इस फिल्म को देशभर की 4000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है, जबकि अन्य 66 देशों में इसे 1300 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है।
पिछले डेढ़ साल से कोविड-19 के चलते कोई भी बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई है। सिनेमाघर खुलने के बाद चंद फिल्में ही रिलीज हुई हैं, हालांकि उनका कलेक्शन न के बराबर था। अब अक्षय की सूर्यवंशी ने फिर एक बार सिनेमाघरों की रौनक बढ़ा दी है।
सूर्यवंशी का ओपनिंग कलेक्शन पिछले 2 साल का सबसे बड़ा कलेक्शन है। आखिरी बार ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर की 2019 में रिलीज हुई फिल्म वॉर ने 30 करोड़ का ओपनिंग कलेक्शन किया था। अब 2 साल के अंतराल के बाद सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड कायम किया है।
हाल ही का स्टेट कलेक्शन सामने आया है जिसमें महज दिल्ली और यूपी में फिल्म ने 5.58 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है, जबकि महाराष्ट्र और गोवा में 4.57 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ है। मुंबई में 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ सिनेमाघर खुले हैं, जो यहां के कम कलेक्शन का कारण हो सकता है। गुजरात और सौराष्ट्र रीजन में फिल्म ने 5.16, पंजाब सर्किट में 1.81 और राजस्थान में 1.79 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार 66 देशों की 1300 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई सूर्यवंशी ने 1.08 यूएस डॉलर यानि 8.10 करोड़ रुपए का ओवरसीज कलेक्शन किया है।
क्षेत्र | ऑक्यूपेंसी | कलेक्शन |
महाराष्ट्र-गोवा | 50 प्रतिशत | 45,681,474 |
गुजरात और सौराष्ट्र | 100 प्रतिशत | 51,563,964 |
नोर्थ कर्नाटक | 100 प्रतिशत | 1,549,906 |
दिल्ली और यूपी | 100 प्रतिशत | 55,772,330 |
पंजाब सर्किट | 100 प्रतिशत | 18,076,173 |
राजस्थान | 100 प्रतिशत | 17,892,327 |
सीआई (सेंट्रल इंडिया) | 50 प्रतिशत | 9,306,710 |
सीपी | 50 प्रतिशत | 14,814,661 |
मैसूर | 100 प्रतिशत | 11,400,549 |
तमिलनाडु | 100 प्रतिशत | 1,700,000 |
केरल | 50 प्रतिशत | 580,002 |
निजाम | 100 प्रतिशत | 12,511,123 |
पश्चिम बंगाल | 70 प्रतिशत | 9,136,381 |
बिहार | 50 प्रतिशत | 5,410,035 |
असम | 50 प्रतिशत | 1,931,012 |
ओडिशा | 100 प्रतिशत | 5,574,925 |
नेपाल | – | 2,000,000 |
शुक्रवार को सूर्यवंशी रिलीज होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े पंजाब के किसानों ने अक्षय कुमार का पुतला जलाते हुए फिल्म का विरोध किया। किसानों का आरोप है कि फिल्म में अक्षय कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार करते दिख रहे हैं। जिस बैनर की ये फिल्म है उसे भी पीएम का सपोर्ट है। साथ ही फिल्म प्रमोट करने वाले चैनल को भी पीएम सपोर्ट करते हैं। अक्षय कुमार और सनी देओल प्रो-बीजेपी हैं। ऐसे में किसानों का कहना है कि न वो पंजाब में उनकी फिल्म रिलीज होने देंगे और न ही उनकी फिल्म की शूटिंग यहां होगी।
#Bollywood । दिवाळीच्या दिवशी रिलीज होणाऱ्या कित्येक चित्रपटांनी मोडले बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड