Home Crime #Nagpur l झूठे मामले में फंसाने का आरोप

#Nagpur l झूठे मामले में फंसाने का आरोप

80

– अदालत ने पटेल ब्रदर्स को गिरफ्तारी से दिया संरक्षण
लोकमत समाचार सेवा
नागपुर- पटेल ब्रदर्स को शिकायत क्रमांक 743/2025 में पुलिस द्वारा गलत तरीके से फंसाए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं. प्रकरण की सुनवाई के दौरान स्वयं शिकायतकर्ता ने अदालत के समक्ष स्पष्ट बयान दिया कि पुलिस अधिकारियों ने उन पर पटेल ब्रदर्स के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का दबाव बनाया था. इससे यह तथ्य उजागर हुआ है कि अभियोजन दबाव में शुरू किया गया और वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं था.

मामले में उपलब्ध रिकॉर्ड पर विचार करने के बाद न्यायालय ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि प्रथम दृष्टया आरोपियों द्वारा कोई अपराध किया गया प्रतीत नहीं होता. अदालत ने व्यक्ति की स्वतंत्रता और समाज के हित के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए पटेल ब्रदर्स को गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया. साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि आरोपियों की हिरासत में पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है और ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है जिससे यह संकेत मिले कि वे गवाहों को प्रभावित करेंगे या साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर सकते हैं.

निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर पटेल ब्रदर्स ने मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त को प्रतिवेदन सौंपा है. उन्होंने जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपे जाने का अनुरोध किया है. इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदा मंगटे पर अधिकारों के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए अलग से शिकायत भी दर्ज कराई गई है. पटेल ब्रदर्स ने न्याय व्यवस्था में पूर्ण विश्वास जताते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और पक्षपात-रहित जांच की अपील की है.

इसके अतिरिक्त, शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष दिए गए अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया है कि दबाव बनाकर उनसे यह शिकायत दर्ज करवाई गई थी और वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं. शिकायतकर्ता के अनुसार, अपनी वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के बावजूद पुलिस निरीक्षक द्वारा लगातार पटेल ब्रदर्स पर दबाव बनाया जा रहा है. शिकायतकर्ता के इस बयान से पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं और यह संकेत मिलता है कि मामले को अनावश्यक रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.