नागपुर ब्यूरो : केंद्र सरकार की नई सहकार नीति की तर्ज पर महाराष्ट्र राज्य की भी नई सहकार नीति तैयार की जाएगी. इस उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री और सहकार मंत्री अमित शाह तथा राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य सहकार नीति निर्धारित करने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है. इस समिति में सहकार भारती के महाराष्ट्र प्रदेश महामंत्री विवेक जुगादे को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. राज्यपाल के आदेशानुसार इस समिति के गठन का परिपत्रक शासन द्वारा जारी किया गया है.
महाराष्ट्र के सहकार मंत्री बाबासाहब पाटील इस समिति के अध्यक्ष होंगे. समिति में सहकार राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, सहकार आयुक्त दीपक तावरे, भारतीय रिजर्व बैंक के निदेशक सतीश मराठे, महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक विद्याधर अनास्कर, राज्य शक्कर कारखाना संघ के निदेशक संजय खताल, गोकुल दूध संघ के निदेशक चेतन नरके, महाराष्ट्र हाउसिंग फेडरेशन के अध्यक्ष सुहास पाटवर्धन, पुणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिगंबर दुर्गाडे, अकोला जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. संतोष कोरपे, बैंकिंग विशेषज्ञ गणेश निमकर और पतसंस्था फेडरेशन के अध्यक्ष काकासाहेब कोयटे सहित राज्य के प्रधान सचिव, सहकार सचिव, साखर आयुक्त और पणन संचालक का भी समिति में समावेश किया गया है.
अंतरराष्ट्रीय सहकार वर्ष 2025 के अंतर्गत गठित इस समिति को विशेष महत्व प्राप्त हुआ है. हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राज्यों के सहकार मंत्रियों की परिषद में केंद्रीय सहकार मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों से आग्रह किया था कि वे अपनी राज्य सहकार नीति का मसौदा जनवरी 2026 से पहले तैयार करें. इसी क्रम में राज्य की सहकार नीति तय करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों को मार्गदर्शन देने हेतु चार सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है. महाराष्ट्र राज्य की नई सहकार नीति के लिए पुरानी नीति का अध्ययन कर आवश्यक संशोधन सुझाने और बदलते समय में सहकार क्षेत्र की चुनौतियों व उनके समाधान पर विचार करने का कार्य यह उच्च स्तरीय समिति करेगी. इसके साथ ही महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम 1960 में समयानुसार जरूरी संशोधन करने की सिफारिश भी यह समिति करेगी.
विवेक जुगादे सहकार भारती महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री हैं. वे विवेकानंद नागरी सहकारी प्रत्यय संस्था के अध्यक्ष और शिक्षक सहकारी बैंक के संचालक भी हैं. उनके चयन पर पूरे महाराष्ट्र के सहकार क्षेत्र से उन्हें बधाई मिल रही है. समिति में सहकार भारती के महामंत्री विवेक जुगादे का समावेश होना पूरे सहकार क्षेत्र और सहकार भारती परिवार के लिए गर्व और ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है. सहकार क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, दूरदर्शिता और मार्गदर्शक नेतृत्व को यह नियुक्ति एक सम्मान के रूप में देखा जा रहा है. यह चयन न केवल विवेक जुगादे का गौरव है, बल्कि सहकार भारती का भी एक बड़ा सम्मान है, ऐसी भावना महाराष्ट्र राज्य के सहकार भारती के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने व्यक्त की है.
राज्य सहकार नीति उच्च स्तरीय समिति में चयन पर विवेक जुगादे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सहकार मंत्री बाबासाहब पाटील, सहकार राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपोर और सहकार भारती के संस्थापक सदस्य सतीश मराठे का आभार व्यक्त किया है.




















