उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार रात दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। यहां पूजन के दौरान कुएं का स्लैब टूट गया। इसमें पूजा कर रहीं महिलाएं कुएं में गिर गईं। हादसे में 13 की मौत हो गई। मृतकों में एक डेढ़ साल का बच्चा, 10 बच्चियां और दो महिलाएं हैं। हादसा रात करीब साढ़े 9 बजे का है। घटना के करीब एक घंटे बाद पहुंचे प्रशासन ने देर रात तक रेस्क्यू किया। करीब 25-30 महिलाएं घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है।
नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। रात 9.30 बजे के आसपास 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास शादी की रस्म के लिए पहुंची थीं। कुएं पर स्लैब बना था। कुएं पर ढक्कन रखा गया था। पूजा के दौरान महिलाएं स्लैब पर चढ़ गईं। एक साथ महिलाएं स्लैब पर चढ़ीं तो जर्जर स्लैब अचानक टूट गया। इससे उस पर खड़ी महिलाएं और बच्चियां कुएं में गिर गईं और डूबने लगीं।