नागपुर : 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय वायुसेना के नागपुर स्थित मुख्यालय मेंटेनेंस कमांड की ओर से सुरेश भट सभागृह में एक भव्य संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। इस संध्या ने उपस्थित नागरिकों को भावनाओं और देशभक्ति की उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही वायुसेना बैंड ने ‘ऐ वतन-वतन मेरे, आबाद रहे तू…’ और ‘मेरा कर्मा तू…’ जैसे गीतों की मधुर धुनें छेड़ीं, तो पूरा सभागृह सुरों की गूंज से भर उठा। दर्शक भी अनायास ही सुर में सुर मिलाते दिखे। कार्यक्रम में एयर मार्शल वी. के. गर्ग, ऑफिसर-इन-कमांड, और श्रीमती रितु गर्ग, अध्यक्ष अफ्वा (क्षेत्रीय) प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

वायुसेना बैंड की मनमोहक प्रस्तुतियों ने न केवल युवाओं के मन में राष्ट्रगौरव का संचार किया बल्कि बुजुर्गों के हृदय में भी सम्मान और कृतज्ञता की भावना जागृत कर दी। इस अवसर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का भी विशेष रूप से उत्सव मनाया गया। यह उपलब्धि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अंतर्गत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
बैंड में शामिल वायुसेना के जवानों ने अपनी सुमधुर आवाज और वाद्ययंत्रों की लयबद्ध प्रस्तुति से एक के बाद एक देशभक्ति गीत सुनाए, जिन पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे। उपस्थित नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, पूर्व सैनिकों और परिवारों ने वायुसेना के योगदान की सराहना करते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह संगीतमय संध्या स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के जांबाज जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ वायुसेना के उस संकल्प को भी दोहराने वाली रही, जिसके तहत वह युवाओं को राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है – चाहे वह सशस्त्र बलों में सेवा द्वारा हो या रक्षा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देकर।
#AirforceBand | भारतीय वायु सेना बैंड : इतिहास और गौरव की गूंज




















